10 लाख की हेरोइन के साथ बाराबंकी का तस्कर गिरफ्तार।

सोनभद्र। ऑपरेशन शुद्धि के तहत चोपन पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 49.20 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन और मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अफजाल (40) पुत्र मो. इकबाल, निवासी टिकरा उस्मान, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान सूचना मिली कि अफजाल ट्रेन से हेरोइन लेकर सोनभद्र पहुंचा है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और एक ओप्पो स्क्रीनटच मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना चोपन में मुकदमा अपराध संख्या 373/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/27ए/29 में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर सोनभद्र में कुछ लोगों को हेरोइन की सप्लाई करने की बात बताई। पुलिस उसके बताए लोगों और नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अफजाल के खिलाफ बाराबंकी और अयोध्या समेत विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में पूर्व के मामले दर्ज हैं।

आगे पढ़ें