
संविधान दिवस पर लखनऊ में बहुजन समाज का शक्ति प्रदर्शन 2027 के विधानसभा की तैयारी।
सोनभद्र। 26 नवम्बर संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वावधान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली का आयोजन किया जा रहा है। जिसके मुख्य अतिथि आजाद समाज पार्टी के मुखिया भीम आर्मी के के नगीना लोकसभा से सांसद एड.चंद्रशेखर आजाद रहेंगे। संविधान दिवस पर आयोजित इस महारैली के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को मजबूत करने का काम किया जाएगा। यह महारैली संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है। आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत इस महारैली को बहुजन समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी के बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से बहुजन समाज की आवाज, अधिकारों, सम्मान और हिस्सेदारी से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। संविधान की मूल भावना को मजबूत करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया जाएगा। इस महारैली की जानकारी पत्रकार वार्ता में देते हुए आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली में सहभागिता करने की अपील की। इस दौरान लीगल सेल के जिला अध्यक्ष एड.वीरेन्द्र राव, जिला प्रभारी एड.रविशंकर,मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर, जिला उपाध्यक्ष उमाकांत राव,सौरव मौर्य,अनुराग मौर्य,हीरालाल ,अशोक आदि उपस्थित रहे।
