
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज तहसील में लेखपालों का धरना जारी रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील में राजस्व संबंधी अधिकांश कार्य प्रभावित हो गए हैं। खतौनी की नकल, दाखिल-खारिज, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ रहा है।
लेखपाल संघ का कहना है कि धारा-24 से जुड़े एक मामले में लेखपाल रामचंद्र के विरुद्ध की गई कार्रवाई को वापस नहीं लिया गया है। इसी को लेकर वे एसडीएम के खिलाफ धरने पर बैठे हैं और कार्रवाई वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, धरने का सबसे अधिक असर आम जनता पर पड़ रहा है। दूर-दराज गांवों से तहसील पहुंचने वाले लोग घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौट रहे हैं। लोगों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाए ताकि सरकारी कामकाज सामान्य हो सके।
अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह लेखपालों और प्रशासन के बीच चल रहे विवाद का जल्द समाधान निकालकर तहसील का कामकाज सुचारु कराए।
