




बस स्टेशन परिसर में खड़ी हैं खराब बसें,सड़क पर संचालन से प्रतिदिन लग रहा जाम।
एंबुलेंस तक फंस चुकी है, अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।
सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर सार्वजनिक धन से लगभग 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन आखिर किस उद्देश्य से बनाया गया था? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि एक ओर बस स्टेशन परिसर में तमाम बसें खराब अवस्था में खड़ी होने की बात सामने आ रही है, वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन सोनभद्र मुख्यालय पर फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। परिणामस्वरूप प्रतिदिन यातायात बाधित हो रहा है और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।इस अव्यवस्था का सबसे गंभीर पहलू यह है कि फ्लाईओवर के नीचे बसों के खड़े होने और उनके आवागमन से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
उल्लेखनीय है कि संबंधित स्थान पर पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा, इंश्योरेंस कंपनी आधार संशोधन केन्द्र भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक एवं आम नागरिक पहुंचते हैं। पहले से ही बैंक के आसपास भीड़ और वाहनों का दबाव बना रहता है। ऐसे में फ्लाईओवर के नीचे मिर्जापुर डिपो की बसों का ठहराव और संचालन यातायात व्यवस्था को और अधिक अव्यवस्थित कर रहा है। इससे बैंक आने वाले ग्राहकों को असुविधा के साथ अपनी सुरक्षा को लेकर भी असहजता महसूस होती है। ज्ञातव्य है कि फ्लाइओवर के नीचे न तो महिलाओं के बैठने की कोई व्यवस्था है न ही पीने का पानी मौजूद है नहीं शौचालय जिसके कारण बच्चियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। सरकार इस उद्देश्य से पैसा खर्च करती है कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिलती रहे
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने कई बार उठाया मुद्दा, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई उद्योगव्यापार संगठन, सोनभद्र के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने इस समस्या को लेकर लगातार आवाज उठाई है। संगठन की ओर से 8 दिसंबर 2025 को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम सोनभद्र को लिखित शिकायत देकर मिर्जापुर डिपो की बसों को फ्लाईओवर के नीचे से संचालित किए जाने पर आपत्ति जताई गई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल 2026, 23 मई 2026 तथा 2 नवंबर 2026 को भी मुख्य विकास अधिकारी, जिलाधिकारी एवं मंडलायुक्त, विंध्याचल मंडल सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया गया।विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि 8 दिसंबर 2025 को दिए गए संगठन के पत्र के क्रम में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सोनभद्र डिपो द्वारा उसी दिन पत्रांक 1098/स0क्षे0प्र0/सोनभद्र/संचा0/2025 के माध्यम से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, मिर्जापुर डिपो को भी पत्र भेजा गया था। इसमें मिर्जापुर डिपो की बसों से उत्पन्न समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्हें सोनभद्र डिपो से संचालित कराने के लिए अपने स्तर से निर्देशित करने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
आखिर किसके संरक्षण में चल रही है यह व्यवस्था?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सोनभद्र में करोड़ों रुपये की लागत से बस स्टेशन निर्मित है और परिसर में बसों के खड़े होने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है, तो मिर्जापुर डिपो की बसों को सड़क और फ्लाईओवर के नीचे से संचालित करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? यदि बस स्टेशन परिसर में खड़ी गाड़ियां खराब हैं तो उनकी स्थिति, मरम्मत और उपयोगिता की जांच क्यों नहीं कराई जा रही है? क्या परिवहन विभाग के अधिकारियों को लगातार लग रहे जाम और नागरिकों की परेशानियों की जानकारी नहीं है?
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। यह भी जांच हो कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित बस स्टेशन का पूर्ण उपयोग क्यों नहीं हो रहा है, परिसर में खड़ी बसों की वास्तविक स्थिति क्या है और मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन निर्धारित व्यवस्था के विपरीत फ्लाईओवर के नीचे से क्यों किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से निर्मित सुविधाओं का लाभ आम जनता को मिलना चाहिए, न कि सरकारी व्यवस्था की उदासीनता के कारण नागरिकों को रोजाना जाम, असुरक्षा और असुविधा झेलनी पड़े। परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप कर बसों का संचालन बस स्टेशन परिसर से सुनिश्चित कराना चाहिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और भविष्य में किसी एंबुलेंस अथवा आपातकालीन वाहन को जाम में न फंसना पड़े।
