ओबरा। स्थानीय थानांतर्गत रेणुकापार क्षेत्र के परसोई गांव निवासी एक मृतक महिला की मौत के लगभग तीन वर्ष बाद बैंक के दलालों ने मिलीभगत कर मृतका के नाम साढ़े आठ लाख रुपया लोन कराने के मामले मे पुलिस ने शुक्रवार को शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक डाला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दिया है। मृतका के पुत्र शिव मूरत पुत्र स्व.बिश्वनाथ निवासी ग्राम परसोई ने ओबरा थाना मे दी तहरीर मे बताया है कि मेरी माता कुंती पत्नी स्व.बिश्वनाथ अशिक्षित गवार तथा कायदे कानून से अनभिज्ञ थी, जिसकी मृत्यु बीते 4 जनवरी 2024 कों स्वाभाविक रूप से घर पर हो चुकी है। प्रार्थी 18 नवंबर 2026 कों जब खाद बीज लेने वास्ते खतौनी निकालने हेतु जन सेवा केंद्र पर गया तो पता चला कि खतौनी पर प्रार्थी की मृतक माता कुंती पत्नी स्व.विश्वनाथ खरवार के नाम से साढ़े आठ लाख रुपया लोन लिया गया है। जबकि लोन लेने वाली महिला की मौत 4 जनवरी 2024 कों होने का दावा किया जा रहा है। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने जुगैल निवासी सुरेंद्र प्रजापति पुत्र अज्ञात एवं शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक डाला तथा एक एजेंट जावेद खान पता अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
