विदेश मे फर्जी कंपनी खोल 100 करोड़ की अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार।

ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी की रिपोर्ट।

सोनभद्र। जिले की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। विदेश में कंपनियां स्थापित कर नौकरी दिलाने का झांसा देना और फिर लोगों के बैंक खातों के जरिए देशभर में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करना… इस पूरे खेल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में प्रयागराज के सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों के जरिए करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है, जबकि देशभर में करीब 200 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि सोनभद्र पुलिस इससे पहले भी करोड़ों रुपये के साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का यह खुलासा साइबर अपराधियों के लिए एक बार फिर बड़ा झटका है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि साइबर ठगी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि विदेश में नौकरी का सपना दिखाकर बैंक खाते हासिल करना और फिर उन्हीं खातों को देशभर में साइबर ठगी का माध्यम बना देना इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का काम है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कंपनियां स्थापित कर इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था। इन कंपनियों के जरिए भारत के लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया जाता था। नौकरी दिलाने के नाम पर उनके बैंक खाते खुलवाए जाते और फिर एटीएम कार्ड, पासबुक तथा सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए जाते थे।
जांच में तीन कंपनियों के नाम सामने आए हैं। इनमें लैब मेड मेडिसिन लॉजिस्टिक कंपनी, एएसएल लॉजिस्टिक कम्पनी, कुमार सिंह एलसीसी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन कंपनियों के माध्यम से बैंक खातों को साइबर अपराध के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस पूरे नेटवर्क में बैंक खाते खरीदने और बेचने का भी बड़ा खेल चल रहा था। पूछताछ में सामने आया कि सामान्य बचत खाते 10 से 20 हजार रुपये और कॉरपोरेट खाते 50 हजार से एक लाख रुपये तक में हासिल किए जाते थे। इसके बाद इन्हीं खातों को साइबर अपराध में शामिल दूसरे लोगों को करीब दो लाख रुपये तक में उपलब्ध कराया जाता था।
इन खातों में ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग, गेमिंग और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी गई रकम पहुंचाई जाती थी। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर कराकर नकद निकासी और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था।
अब इस पूरे मामले में सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं। पुलिस जांच में सोनभद्र से संबंधित बैंक खातों के माध्यम से करीब 37 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़ी देशभर में करीब 200 साइबर शिकायतें NCRP पोर्टल पर दर्ज मिली हैं।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए ठगी की कुल रकम 100 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, वास्तविक रकम और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। इस मामले में खास बात यह है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले रॉबर्ट्सगंज और साइबर थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में रवि पाण्डेय और बृजेश कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी पूछताछ में भी नौकरी दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करने और अनुपम सिंह तथा नायब खान के माध्यम से खाते आगे उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई थी।
अब सौरभ सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। विदेश में कंपनियां स्थापित करने से लेकर बैंक खातों की खरीद-फरोख्त और करोड़ों रुपये के लेनदेन तक, हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक महिंद्रा थार, 27 क्रेडिट और डेबिट कार्ड, दो चेकबुक, तीन बैंक पासबुक, तीन मोबाइल फोन और एक एप्पल लैपटॉप बरामद किया है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा भी मिली है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ और बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच के जरिए नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना और स्वाट टीम की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साइबर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है कि नौकरी और निवेश के नाम पर लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

आगे पढ़ें