देव दीपावली पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिये डटी रही आईटीसी सुनहरा कल की टीम।

आस्था भी,स्वच्छता भी काशी की सुंदरता और पर्यावरण की सुरक्षा पर दिया जोर।

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली के भव्य एवं दिव्य आयोजन पर आज वाराणसी के ऐतिहासिक अस्सी घाट पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल के अंतर्गत उमंग सुनहरा कल सेवा समिति द्वारा नगर निगम वाराणसी के सहयोग से विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत रंग-बिरंगे एवं आकर्षक स्वच्छता संदेशवाहक (Waste Segregation Mascots) के माध्यम से घाट पर उपस्थित श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को कचरे के पृथक्करण, उचित निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। बताते चले कि आईटीसी अपने सामुदायिक विकास नैगम के तहत विश्व की सबसे प्राचीन नगरी में से एक काशी को स्वच्छ व सुन्दर बनाने की दिशा में नगर निगम वाराणसी को सहयोग कर रही है।
स्वच्छ घाट,निर्मल गंगा,सुंदर काशी की अवधारणा पर कार्य करते हुए आईटीसी ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल अभियान संचालित कर रही है जिसके तहत हर एक घरों में,स्कूल कॉलेज में जाकर नुक्कड़ नाटक व जागरूकता कार्यक्रम किया जाता है और “जीरो वेस्ट इवेंट” की मूल भावना को बढ़ावा देने पर विशेष कार्य किया जाता है। इसी के तहत
समिति के स्वयं सेवकों की पूरी टीम घाट पर भ्रमण कर आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को स्वयं स्वच्छता रखने के लिये जागरूक करने के साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिये प्रेरित करते रहे। इस पावन अवसर पर भारी पर्यटक व श्रद्धालुओं का घाट पर आगमन हुआ जिन्हें गीला कचरा या जैविक कचरे का उचित प्रबंधन एवं कम्पोस्टिंग,सूखे कचरे में पुनर्चक्रण योग्य सामग्री का पृथक्करण, घरेलू हानिकारक कचरे के सुरक्षित संग्रहण एवं निस्तारण के साथ अन्य/अस्वच्छ कचरे की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उचित निस्तारण के बारे में बैनर, हस्त लिखित व छपे पोस्टर एवम रंग-बिरंगे एवं आकर्षक स्वच्छता संदेशवाहक के माध्यम से जागरूक किया गया।इस जागरूकता अभियान में दोबारा भरना,पुर्नउपयोग व दुहराने “REFILL, REUSE, REPEAT” के संदेश के माध्यम से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा पुनः उपयोग की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। देव दीपावली के अवसर पर एक ओर जहां घाटों पर सजावट सफाई आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को मोहित कर रही थी वहीं इस अभियान का विशेष आकर्षण रहे स्वच्छता के संदेश देते रंग-बिरंगे मैस्कॉट्स, जिन्होंने देव दीपावली की उत्सवमयी छटा के बीच जन-जागरूकता को एक रोचक एवं प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया।इस अवसर पर आकर्षक सेल्फी पॉइंट एवं स्वच्छता मैस्कॉट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से “स्वच्छ घाट,स्वच्छ गंगा, स्वच्छ काशी” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। देव दीपावली के दिन घाट पर दीपोत्सव में आये श्रद्धालुओं से धार्मिक आस्था एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खंडित मूर्तियों एवं पूजन सामग्री के उचित संग्रहण एवं निस्तारण का संदेश दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं से गंगा नदी में पूजन सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट न डालने की अपील की गई। उमंग सुनहरा कल सेवा समिति के पवन विश्वकर्मा ने बताया हमारा संकल्प है कि माँ गंगा के घाट केवल आस्था और संस्कृति के प्रतीक ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के भी आदर्श बनें। देव दीपावली पर आयोजित इस जागरूकता अभियान में आईटीसी मिशन के प्रभारी मयंक पाण्डेय के नेतृत्व में आदिल हुसैन,रामविलास राय,ऋषभ तिवारी, विपिन राय, रचित मिश्रा,पवन विश्वकर्मा समेत पूरी टीम लोगो को जागरूक व प्रेरित करती रही। इस पहल का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आयोजनों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना, गंगा एवं घाटों की स्वच्छता बनाए रखना तथा पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।

आगे पढ़ें