अक्वान तूफान से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिता,डीएम ने कहा फसल क्षति की तत्काल दर्ज कराएं सूचना।

ज्ञानप्रकाश चतुर्वेदी की रिपोर्ट

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थी किसान हेल्पलाइन नम्बर 14447 तथा अन्य किसान जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर दें सूचना: जिलाधिकारी।

सोनभद्र। जिले में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 24 घंटे के भीतर आसमान में छाए बादलों के बाद सुबह से हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तापमान में बदलाव के साथ ठंड और गलन बढ़ने के आसार हैं। लेकिन इस बेमौसम बारिश ने सबसे बड़ी चिंता जिले के किसानों की बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी और कटकर खेतों या खलिहानों में रखी धान की फसल पर संकट गहरा गया है। अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा और खेतों में पानी जमा हुआ तो किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। 21 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
हालांकि चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर की शाम तक कमजोर होकर निम्न दबाव के चिह्नित क्षेत्र में तब्दील हो चुका था, लेकिन इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव जारी है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 22 नवंबर तक बारिश की गतिविधियां रह सकती हैं। इसके बाद 23 नवंबर से मौसम में सुधार और तापमान में गिरावट के आसार हैं। चक्रवाती तूफान अक्वान के असर से हो रही इस बारिश ने धान की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, जिले के तमाम इलाकों में धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी है या खलिहानों तक पहुंचाई है। ऐसे में बारिश से कटी हुई धान की फसल भीगने पर दानों में नमी बढ़ने, रंग खराब होने, फफूंद लगने और दानों के अंकुरित होने का खतरा पैदा हो जाता है। यदि समय से फसल की मड़ाई और सुखाई नहीं हो पाती तो चावल की गुणवत्ता और बाजार में उसकी कीमत दोनों प्रभावित हो सकती हैं। वहीं खलिहानों में खुले आसमान के नीचे रखी फसल के भीगने से नुकसान और बढ़ सकता है।
खेतों में खड़ी धान की फसल के लिए भी बारिश मुसीबत बन सकती है। खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसल की कटाई बाधित होगी, पौधों के गिरने और बालियों के भीगने का खतरा बढ़ेगा। खेतों में जलभराव के कारण कटाई-मड़ाई में देरी हुई तो किसानों को अतिरिक्त मजदूरी और फसल को सुरक्षित रखने का खर्च भी उठाना पड़ सकता है। बारिश का असर केवल तैयार फसल के भीगने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेतों में खड़ी फसल की उपज और गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन बारिश थमने और खेतों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही हो सकेगा। किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती कटी हुई धान की फसल को बारिश से बचाने, खलिहानों में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की है। बेमौसम बारिश ने किसानों की सालभर की मेहनत और उनकी कमाई पर अनिश्चितता के बादल खड़े कर दिए हैं। जनपद में खराब मौसम, बेमौसम वर्षा, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों की फसलों को होने वाली संभावित क्षति के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चर्चित गौड़ ने जनपद के समस्त किसानों से सतर्क रहने तथा फसल क्षति होने की स्थिति में तत्काल सूचना दर्ज कराने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रतिकूल मौसम अथवा प्राकृतिक आपदा के कारण किसी किसान की फसल को क्षति होती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर समय से सूचना दर्ज कराए, जिससे फसल क्षति का सर्वेक्षण एवं नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

आगे पढ़ें