

मुंह पर कालिख और चूना पोतने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पूर्व में भी कई बार चोरी में पकड़े जाने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के करारी गांव में रविवार को चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक के मुंह पर कालिख और चूना पोत दिया। इस दौरान कुछ लोग उसकी पिटाई करने पर भी उतारू थे, लेकिन ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, करारी गांव निवासी गोलू दुबे पुत्र रमाशंकर दुबे पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई बार चोरी करने का आरोप है। रविवार को वह कथित तौर पर गांव के ही राजू यादव के घर में घुसकर चोरी कर रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे चोरी का सामान ले जाते देख लिया। इसके बाद गांव के कई युवकों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और बांध दिया। बाद में उसके चेहरे पर कालिख और चूना पोतकर पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में पकड़ा जा चुका है, लेकिन हर बार पुलिस उसे छोड़ देती थी। उनका कहना है कि बिठगांव गांव से तीन भैंस चोरी के मामले में भी उसे कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके अलावा करारी और आसपास के गांवों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आने की बात कही जा रही है। गांव ने लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी वे युवक को पकड़ते हैं तो उसके परिजन विवाद और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। फिलहाल युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब देखना है कि पुलिस मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर क्या कानूनी कार्रवाई करती है।
