कंटेनर के गुप्त केबिन में छिपा कर तस्करी का 6 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार।

सोनभद्र। सोनभद्र में ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 6 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए कंटेनर के अंदर लोहे की चादर से गुप्त केबिन बना रखा था। पुलिस ने कंटेनर, दो मोबाइल और 10 हजार रुपये नकद समेत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये की बरामदगी की है। शाहगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कंटेनर के शाहगंज की तरफ आने की सूचना मिली। पुलिस की चेकिंग देख कंटेनर चालक ने पुलिया से पहले ही वाहन रोक दिया और दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओडिशा निवासी दिलीप कुमार देहुरी और संतोष कुमार साहू के रूप में हुई है। कंटेनर की तलाशी में पीछे का हिस्सा खाली दिखाई दिया, लेकिन आगे की तरफ लोहे की चादरों से एक विशेष केबिन तैयार किया गया था। पुलिस ने केबिन को खुलवाया तो उसके अंदर 6 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर मिर्जापुर पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर, दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। कुल बरामदगी की कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में थाना शाहगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। वहीं, पूछताछ और बरामद मोबाइल से सामने आए तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

आगे पढ़ें