राजस्व निरीक्षक की कार खड़े ट्रक से टकरायी, हुई मौत।

सोनभद्र।राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सलैयाडीह के पास राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर बुधवार की रात सड़क हादसे में घोरावल तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार सिंह (55) की मौत हो गई। रिश्तेदारी में राजगढ़ से लौटते समय सलैयाडीह के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और राजस्व विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घोरावल में तैनात राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार सिंह पुत्र छविनाथ सिंह राबर्ट्सगंज के विकास नगर में रहते थे। वह मूल रूप से बसंतपुर, चकिया, जनपद चंदौली के निवासी थे। बुधवार को वह अपने साढ़ू राजेश मौर्या के साथ रिश्तेदारी में राजगढ़ गए थे। वहां से राबर्ट्सगंज लौटते समय सलैयाडीह के पास उनकी कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के समय कार चालक रंजीत कुमार वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद अनिल कुमार सिंह की मौत हो गई जबकि चालक रंजीत व उनके रिश्तेदार को भी चोट आयी। गुरुवार की सुबह जैसे ही लोगों को इस दुखद घटना की जानकारी हुई लोगों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम घोरावल विशाल कुमार, तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह और नायब तहसीलदार बीडी तिवारी सहित लेखपाल, कानूनगो व अन्य परिचित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। अधिकारियों और सहकर्मियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। इधर सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।

बेटी की शादी के लिये कर रहे थे प्रयास

राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। अनिल कुमार अपनी बड़ी बेटी की शादी के लिए योग्य वर की तलाश में इन दिनों प्रयासरत थे। परिवार बिटिया के विवाह को लेकर उत्साहित था, लेकिन इसी बीच हुई दुर्घटना ने खुशियों से पहले ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दिवंगत राजस्व निरीक्षक की छोटी बेटी मेडिकल की जबकि 18 वर्षीय बेटा बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। तीनों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है।अनिल कुमार सिंह की असामयिक मौत से जहां परिजन बेसुध है वहीं, उनके सहकर्मी और परिचित भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

आगे पढ़ें