बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रक खलासी की मौत, जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश।

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर मझिगांव गांव के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रक से चावल उतार रहे खलासी की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग स्थित मझिगांव गांव के पास एक ट्रक से चावल उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रक का खलासी विनोद विश्वकर्मा बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद वह बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली का तार नीचे उतरवाने की कार्रवाई कराई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। घटना के बाद घटनास्थल पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बिजली के जर्जर तारों को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि तारों की हालत खराब होने के कारण कभी बिजली के तार नीचे गिर जाते हैं, तो कभी ऊंचाई कम होने से ट्रकों में तार फंसकर टूट जाते हैं। इसके चलते क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को बदलने और सड़क के आसपास बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

आगे पढ़ें