वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर परम पूज्य अवधूत भगवान राम की गुरु शिष्य परम्परा की पावन पीठ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम पड़ाव,वाराणसी में डेढ़ लाख से अधिक शिष्य-श्रद्धालुओं ने गुरु दर्शन पूजन श्रद्धा एवं भक्तिपूर्वक सम्पन्न किया। गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व का शुभारंभ प्रातः 5:15 बजे प्रभातफेरी, सर्वेश्वरी ध्वजारोहण तदुपरांत सफलयोनि सद्ग्रंथ के पाठ से हुआ । पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने अपने गुरुदेव परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के आसन का विधिवत पूजन किया। भारत के दूर-दराज के राज्यों एवं विदेशों से आयी स्वानुशासित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कतारबद्ध हो अपने पूज्य गुरुदेव का दर्शन-पूजन दोपहर 12:30 बजे तक अनवरत करती रही। मानो प्रकृति ने भी साथ दिया और श्रद्धालुओं के साथ धूप-छाँव का खेल खेलते हुए शीतल वायु के झंकोरों से उनके मानस-पटल को तरोताजा बनाए रखी। श्रद्धालुगण द्वारा माँ सर्वेश्वरी, परामपूज्य गुरुदेव, अघोरेश्वर महाप्रभु एवं महाराजश्री बाबा कीनाराम जी के जय-जयकार से पूरा वातावरण गुंजायमान हो सभी दर्शनार्थियों को रोमांचित कर उनकी दर्शन-पिपासा को और भी प्रगाढ़ कर रहा था।
दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को प्रातः सूक्ष्म प्रसाद और दर्शनोपरांत दोपहर के प्रसाद का वितरण भी किया गया। संस्था द्वारा औघड़ पीर पर्व के इस महायज्ञ पर आयोजित भंडारा में श्रद्धालुओं ने दोपहर का प्रसाद प्राप्त किया। आश्रम में आये छोटे-छोटे सर्वेशरी सैनिक गर्मी और उमस को देखते हुए श्रद्धालुओं को शीतल-जल और शिकंजी लगातार पिलाते रहे। संस्था के संयुक्त मंत्री अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दिव्यांग, नवजात शिशु के साथ आई महिलाओं तथा बुजुर्ग व गंभीर रोग से पीड़ित दर्शनार्थियों के त्वरित दर्शन के लिए विशेष प्रबंध किया गया था। इसके अतिरिक्त अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के बहिरंग विभाग में दो दर्जन से अधिक चिकित्सकों की टीम के साथ स्वयं सेवा हेतु सर्वेशरी सैनिकों की टीम श्रद्धालुओं के निःशुल्क उपचार और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए उपस्थित रही ।
