

दुद्धी।स्थानीय थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। टेढ़ा गांव की रहने वाली शाहिना खातून शौच के लिए घर से निकली थी, इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास हादसे का शिकार हो गई। घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ी किशोरी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद बुद्धिजीवियों ने सरकार के स्वच्छ भारत अभियान पर सवाल भी उठाया कि अगर गांव स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों रुपये खर्च करके खुले में शौच मुक्त हो चुका है तो किशोरी को खुले में शौच क्यों जाना पड़ा। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार,17 वर्षीय किशोरी शाहिना खातूनशौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि ठेमा नदी के पास रेलवे पुल के आसपास किशोरी के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। दुद्धी कोतवाली प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के मुताबिक, भोर में करीब तीन बजे सूचना मिली कि एक युवती रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
