अधिकतम क्षमता के बाद कनहर बांध के 13 फाटक खुले,पानी देखने उमड़े सैलानी

मुकेश कुमार मोदनवाल की रिपोर्ट

सुरक्षा इंतजाम पर उठ रहे सवाल,लापरवाही से दुघर्टना की आशंका

दुद्धी। दुद्धी तहसील क्षेत्र के अमवार में स्थित कनहर बांध में लगातार हो रही बारिश के बाद जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के 16 में से 13 फाटक खोल दिए गए हैं। फाटक खुलते ही तेज रफ्तार से पानी कनहर नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध के फाटक खुलने के बाद निकल रही पानी की तेज धार और दूधिया फुहार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कनहर बांध का नजारा देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा झारखंड और छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लोग बांध से निकलते पानी की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, बांध का यह खूबसूरत नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, लेकिन बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। कई लोग सेल्फी और वीडियो बनाने के चक्कर में बांध के आसपास के खतरनाक स्थानों और ढलानों तक पहुंच रहे हैं। तेज बहाव और फिसलन वाले स्थानों पर थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से बांध के फाटक खोले गए हैं और पानी का बहाव तेज है, ऐसे में मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत है। लोगों को पानी के तेज बहाव और प्रतिबंधित या खतरनाक स्थानों से दूर रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं।
कनहर बांध की अधिकतम जल संग्रहण क्षमता 263 मीटर है। बांध में जल संग्रहण क्षमता 263.33 होने के बाद 16 फाटक में से 13 खोल पानी छोड़ा जा रहा है। एक तरफ बांध से निकलता पानी लोगों के लिए रोमांचक नजारा बना हुआ है, तो दूसरी तरफ भारी भीड़ के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है।

आगे पढ़ें