इण्टर कॉलेज की जर्जर हालत पर मंत्री हुए नाराज, बोले- दरार पड़ी दीवार और खपड़ैल छत से पानी का टपकना है शर्मनाक।

संघर्ष समिति ने राज्य मंत्री को ज्ञापन सौंपकर भवन निर्माण के साथ शिक्षकों की कमी दूर करने की रखी मांग

विरेन्द्र कुमार

विंढमगंज। दिगंबर अखाड़ा अयोध्या से संबद्ध श्री राम मंदिर के प्रांगण में सूर्य मंदिर से लगे हुए विशाल भवन के पर्यटन विकास कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड शनिवार को भारती इंटरमीडिएट कॉलेज जा पहुंचे। कभी इलाके में शिक्षा की अलख जगाने वाला इण्टर कॉलेज बज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जर्जर भवन और शिक्षकों की कमी समेत बुनियादी सुविधाओं से जुझ रहे कॉलेज को अब शासन से मदद की आवश्यकता है। अपने पुराने कॉलेज की दुर्दशा को दूर करने के लिये यहां के पढ़े व स्थानीय लोगों ने संघर्ष समिति का गठन किया है जो इसके पुराने वैभव व आवश्यक संसाधनों को जुटाने के लिये प्रशासन वो शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं।इंटरमीडिएट कॉलेज संघर्ष समिति के सदस्यों के अनुरोध पर राज्य मंत्री ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर जर्जर भवन की स्थिति का जायजा लिया।विद्यालय भवन की हालत देखकर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने दीवारों में पड़ी दरारों और खपड़ैल छत से बारिश के दौरान पानी टपकने की समस्या को गंभीरता से देखा। इस दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने राज्य मंत्री को ज्ञापन सौंपकर जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन का निर्माण कराने तथा विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर कराने की मांग रखी। मंत्री ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि विद्यालय की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर आगे तक बात पहुंचाई जाएगी। मौके पर ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड,ओपी यादव, लवकुश चंद्रवंशी, रामचंद्र जायसवाल, लक्षण कुशवाहा, संजय गुप्ता, रवि जायसवाल,अभिषेक सिंह, प्रभात कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, राकेश केसरी बुलू, ओम रावत, अरविंद गुप्ता, अजय गुप्ता एवं राजू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

आगे पढ़ें