खनन कारोबारी इस्तियाक अहमद खान मुंबई से गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी, रिमांड पर आज होगा फैसला।

सोनभद्र । खनन पट्टे के दस्तावेज और चेक में कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने खनन कारोबारी इश्तियाक खान को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सोनभद्र लेकर पहुंची और सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी कोर्ट में पेश किया। पुलिस की ओर से कोर्ट में रिमांड की मांग की गई है, जिस पर आज दोपहर आदेश आने की बात कही जा रही है।
पूरा मामला ओबरा के बिल्ली मारकुंडी स्थित रिंकी श्रीवास्तव पत्नी गणेश श्रीवास्तव के खनन पट्टे राधिका इंटरप्राइजेज से जुड़े दस्तावेज और चेक में कथित धोखाधड़ी का है। रिंकी श्रीवास्तव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 3 सितंबर को इश्तियाक खान के ओबरा स्थित घर पर छापा मारा,छापेमारी के दौरान इश्तियाक खान के घर पर नहीं मिलने और इसके बाद वह ओबरा से फरार होने की बात सामने आयी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मुंबई से गिरफ्तार किया और आज कोर्ट में पेश किया। पुलिस की ओर से इश्तियाक खान को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले में आज दोपहर रिमांड को लेकर कोर्ट का फैसला आने की बात कही जा रही है।इश्तियाक खान की पेशी को देखते हुए सोनभद्र जिला न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बोले अधिवक्ता

मामले की जानकारी देते हुए बचाव पक्ष के अधिवक्ता शेषनारायण दीक्षित ने बताया कि अभियुक्त पक्ष का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई किसी को लाभ पहुंचाने की नीयत से की जा रही है। अधिवक्ता के मुताबिक जब मामला न्यायालय में आया था, उस समय चेक पर किसी अन्य व्यक्ति के हस्ताक्षर होने की बात सामने नहीं आई थी। उनका आरोप है कि अचानक मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तारी, निजी होटल में रखने और सुबह ही कोर्ट में पेश किए जाने की पूरी कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। बचाव पक्ष का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई के पीछे किसी को लाभ पहुंचाने की नीयत हो सकती है।

आगे पढ़ें