


सोनभद्र में आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विजयगढ़ दुर्ग और रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विजयगढ़ दुर्ग तक जाने वाली सीढ़ियों के प्रवेश द्वार की मरम्मत जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। वहीं विजयगढ़ दुर्ग से रामसरोवर तक प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा रामसरोवर से कांवड़ियों के वापसी मार्ग पर लगभग 5 किलोमीटर तक लाइटिंग लगाने के निर्देश अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को दिए गए, ताकि रात्रि में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी के साथ दुर्ग पर निरीक्षण के लिये गयीं जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देश देते डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विजयगढ़ दुर्ग, रामसरोवर और पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी, रात्रिकालीन गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी हो कि हर श्रद्धालु खुद को सुरक्षित महसूस करे और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
