लखपति दीदी बनाने वाली समूह सखियों का छलका दर्द,किया अधिकारियों का घेराव।

सोनभद्र। योगी सरकार की महत्वकांक्षी योजना लखपति दीदी योजना की कर्णधार समूह सखियों का दर्द आज खुलकर सामने आ गया। जिले के 17000 स्वयं समूह के सामंजस्य के लिये नियुक्त की गयी समूह सखियों ने मानदेय वृद्धि के लिये जिलाधिकारी कार्यालय में जमकर विरोध किया और अधिकारियों के सामने रोष व्यक्त किया। बताते चले कि जिले में 1200 समूह सखियां समूहों के संवर्धन, ग्रेडिंग, बैठके आयोजित कराने, बैंक सम्बन्धी कार्य संपादित कराने,नये समूह बनाने जैसे तमाम कार्य कराती हैं। लम्बे समय से न्यूनतम मानदेय वृद्धि कराने के लिये मांग कर रही समूह सखियां आज जिला मुख्यालय कलक्ट्रेट जा पहुंची और जमकर हंगामा और नारेबाजी करने लगी। हंगामा सुनकर जिलाधिकारी ने समूह के जिम्मेदार रास्ट्रीय आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक को मामले को देखने के लिये बुलाया और हंगामा कर रही समूह सखियों को कार्यालय से हटाने को निर्देशित किया। मौके ओर पहुंचे जिला प्रबंधक एनआरएलएम एमजे रवि ने समूह सखियों को समझाने का बहुत प्रयास किया लेकिन सखियों ने उनकी बात नहीं सुनी। समूह सखियों का कहना था कि 2000 रुपयों में मेकअप तक का सामान नही आयेगा हम लोग नौकरी कैसे करें। अंततः अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश यादव ने हंगामा कर रही समूह सखियों को समझाया और उनकी मांगों के संबंधित मांग पत्र लेकर शासन को भेजने की बात कही। समूह सखियों का कहना था कि उनसे जिले से होने वाले हर कार्य जैसे ड्राई राशन का वितरण, एसआईआर के फार्म भरवाने जनगणना के कार्य, सरकार की किसी भी योजना का प्रचार जैसे सभी कार्यो को कराया जाता है लेकिन बहुत ही कम मानदेय दिया जाता है। समूह की सखियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में मानदेय वृद्धि,सभी सखियों को एंड्रॉयड मोबाइल व हर महीने रिचार्ज की मांग की।

आगे पढ़ें