
भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने और वादों से मुकरने का आरोप, सपा सरकार बनने पर महिलाओं को वार्षिक सहायता व अन्य सुविधाएं देने का दावा
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी की ओर से गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सपा नेताओं ने लोगों से संपर्क कर भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा आगामी समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने का दावा किया। सपा जिला सचिव ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद दवा और इलाज सहित आवश्यक वस्तुएं महंगी हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अपने वादों को भुलाकर आम जनमानस पर महंगाई का बोझ बढ़ा दिया। प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदायों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान माताओं और बहनों के लिए समाजवादी पेंशन योजना संचालित की जा रही थी, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर माताओं और बहनों को 40 हजार रुपये प्रति वर्ष वार्षिक सहायता, 300 यूनिट बिजली तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रों को लैपटॉप उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे छात्र अपनी पढ़ाई को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकें। गोपाल गुप्ता ने भाजपा सरकार को पीडीए विरोधी बताते हुए लोगों से ऐसी सरकार को हटाने का संकल्प लेने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान सरोज कोल, अर्जुन केवट, अंजनी कुमारी, कल्याणी भारती, सुशीला देवी और लालती भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
