गांधी जयंती पर डीएम ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

  • सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान, सात क्षय रोगियों को बांटी पोषाहार पोटली

सोनभद्र । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में गांधी जी की प्रिय रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ का सामूहिक गायन किया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए कठिन संघर्ष किया। गांधी जी के विचारों और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने स्वच्छता को गांधी जी के जीवन का महत्वपूर्ण आदर्श बताते हुए कार्यस्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की अपील की।कार्यक्रम में अधिकारियों ने भी गांधी एवं शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी ने चिन्हित सात क्षय रोगियों- जितेन्द्र कुमार सिंह, सुरेन्द्र नाथ, रीता देवी, रामाशंकर विश्वकर्मा, कन्हैया यादव, शान्ति देवी एवं किरन देवी- को पोषाहार पोटली वितरित की।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, रोहित यादव, रमेश चन्द्र, आकांक्षा गौतम, जगरूप सिंह पटेल समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन न्याय सहायक सुरेश पाठक ने किया।

आगे पढ़ें