
शक्तिनगर। शक्तिनगर क्षेत्र में एनसीएल कर्मी की हत्या में पत्नी के प्रेमी समेत चार गिरफ्तार। एनसीएल बीना में संदिग्ध सड़क हादसे के पीछे छिपी हत्या की सनसनीखेज कहानी का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर तैनात रमाशंकर मिश्रा की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा किए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाते हुए पूरे मामले को सड़क हादसा दिखाने की साजिश रची गई थी। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक रमाशंकर मिश्रा की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ। इसी दौरान प्रियंका और विकास ने रमाशंकर का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर सिर पटककर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए शव को चादर और गमछे में लपेटा गया। इसके बाद विकास चौहान ने अपने दो साथियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को सड़क किनारे पहुंचाया। आरोप है कि वाहन से शव को चोट पहुंचाकर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई। मामला शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बीना स्टेडियम-जमशीला के पास का है। सड़क किनारे शव मिलने के बाद मामला प्रथम दृष्टया सड़क हादसा नजर आ रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। पुलिस ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला तो हत्या की कड़ियां सामने आने लगीं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी प्रियंका मिश्रा, उसके प्रेमी विकास चौहान, अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। शक्तिनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा किया है।
