


ओडिशा से बलिया जा रहे 36.5 किलो गांजे समेत चार गिरफ्तार,स्कॉर्पियो समेत बरामद माल की कीमत करीब 30लाख रुपये।
सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SOG टीम और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय अवैध गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गये गांजे के बारे में पुलिस ने बताया 28 अगस्त 2026 को SOG टीम, थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस तथा हिंडुआरी और चुर्क पुलिस चौकी की संयुक्त टीम चंद्रयान तिराहा, लोढ़ी टोल प्लाजा के पाससंदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हिंदुआरी की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो UP32HQ1416 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर वाहन सवारों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर करीब रात 10 बजे चार आरोपियों को पकड़ लिया।
तीन बोरियों में मिला गांजा
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की पिछली सीट के नीचे और पिछले हिस्से से 37 बंडलों में कुल 36.500 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजे को तीन प्लास्टिक बोरियों में रखा गया था, जिनका वजन क्रमशः 12 किलो, 12 किलो और 12.500 किलो बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद और स्कॉर्पियो की चाबी भी बरामद की।
पूछताछ में हुआ तस्करी के नेटवर्क का खुलासा
प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आपस में मिलकर गांजे की तस्करी करते हैं। उनके अनुसार एक अन्य व्यक्ति द्वारा उन्हें ओडिशा से गांजा लाने के लिए वाहन, धनराशि और आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बाद गांजा संभलपुर, ओडिशा के पास से प्राप्त कर बलिया जनपद में निर्धारित स्थान तक पहुंचाने का काम सौंपा जाता था। प्रत्येक व्यक्ति को इस काम के लिए करीब 15 हजार रुपये दिए जाते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुलिस चेकिंग से बचने के लिए आरोपी आपस में व्हाट्सऐप कॉल और लोकेशन के माध्यम से संपर्क करते थे। गिरफ्तार तस्कर 27 अगस्त को दो वाहनों से संभलपुर, ओडिशा से गांजा लेकर लौट रहे थे। रास्ते में छत्तीसगढ़ के कुनकुरी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाया गया। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में पुलिस चेकिंग के दौरान एक कार को मौके पर छोड़कर उसकी चाबी अपने पास रख ली गई और बाद में स्कॉर्पियो से आगे की यात्रा जारी रखी गई। सोनभद्र में भी पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपियों ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 721/2026, धारा 8/20/27A/29/60 NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
विधिचन्द्र यादव, निवासी जनपद मऊ
साजिद अली, निवासी कुशीनगर
रईस खान, निवासी कुशीनगर
आदित्य जायसवाल, निवासी कुशीनगर
पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
