ऑपरेशन शुद्धि के तहत बिहार को जाती हुई शराब लदी डीसीएम पकड़ी,कुल कीमत 60 लाख एक तस्कर गिरफ्तार।

सोनभद्र पुलिस की मादक पदार्थो के खिलाफ चलाया जा रहे ऑपरेशन शुद्धि में एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल हुई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को करीब 13:17 बजे थाना पिपरी पुलिस टीम हाईटेक रेलवे क्रॉसिंग, मुर्धवा चर्च के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लादकर बिहार/झारखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुर्धवा तिराहा से रनटोला की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब 200 मीटर आगे ट्रक को रोक लिया। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम करन सिंह पुत्र कुमार, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी देव नगर, थाना भिवानी, जनपद भिवानी, हरियाणा बताया।तलाशी के दौरान डीसीएम ट्रक से 464 पेटियों में कुल 13,296 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब, जिसकी मात्रा 4,077.36 लीटर बताई गई, बरामद हुई। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए।बरामद अवैध अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 लाख रुपये तथा डीसीएम ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये आंकी गई है।अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि पकड़े गये तस्कर को पंजाब से डीसीएम में शराब लोड कर दी गयी थी और उसके एंड्रॉयड फोन पर कोई सेठजी के नाम से फोन पर लोकेशन भेजता था जिसके आधार पर ड्राइवर डीसीएम लेकर जा रहा था। अब पुलिस सेठजी की तलाश कर रही है।

आगे पढ़ें