
बाबूलाल शर्मा
म्योरपुर। विकासखंड के ग्राम पंचायत जामपानी में बुधवार को पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक मानसिंह गोंड ने फीता काटकर किया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पशुपालक शामिल हुए।पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं के खान-पान, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। पशुओं के बेहतर रखरखाव को लेकर भी जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने पशुपालकों से पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।मेले में पशुपालकों ने पशुओं से जुड़ी समस्याएं चिकित्सकों के समक्ष रखीं, जिनका आवश्यक परामर्श दिया गया। करीब 130 पशुपालकों को निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही पशुओं के बीमा से संबंधित योजनाओं और उसके लाभ की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर ग्राम प्रधान (प्रशासक) प्रतिनिधि उदय, डॉ. राहुल राज, डॉ. ऋषि भास्कर, डॉ. माया शंकर पाठक, राम प्रसाद, कृष्ण देव, सीताराम खरवार, हरिचरण गोंड, ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पशुपालक और ग्रामीण मौजूद रहे।
