
दुद्धी। स्थानीय थाना क्षेत्र में लऊवा नदी में नहाना 16 वर्षीय छात्र को भारी पड़ गया । लवकुश पार्क के समीप नदी में नहाते समय छात्र अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन छात्र को अचेत हालत में बाहर निकाला गया । सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से छात्र को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया । हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के मल्देवा गांव निवासी 16 वर्षीय चमन अंसारी पुत्र फिरोज अंसारी लवकुश पार्क के समीप बह रही लऊवा नदी में नहाने गया था । नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी । एंबुलेंस मौके पर पहुंची और छात्र को अचेत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया । सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी श्यामजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । चमन अंसारी राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में कक्षा नौ का छात्र था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था । लऊवा नदी में डूबने से एक और युवक की मौत ने नदी की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं ।
