

मुकेश मोदनवाल की रिपोर्ट
चोपन। मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई स्थित प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे से जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गावां गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद आज सुबह उनके गांव पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। एक साथ चार शव गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। किसी मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया तो किसी महिला की मांग सूनी हो गई। हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। मिर्जापुर के अहरौरा में हुए दर्दनाक हादसे की तस्वीर अब जुगैल के बड़गावां गांव में दिखाई दे रही है। अहरौरा थाना क्षेत्र के भगवती देई स्थित प्लांट में फाउंडेशन समेत मकान और क्रशर के डग का बड़ा हिस्सा अचानक धंस कर बगल के स्टार्टर रूम पर गिर पड़ा। हादसे के वक्त स्टार्टर रूम में कई लोग मौजूद थे और मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले चारों मृतक के जुगैल थाना क्षेत्र स्थित बड़गावां गांव के रहने वाले थे। सभी शवों का मिर्जापुर में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद आज सुबह चारों शव उनके पैतृक गांव पहुंचे। जैसे ही एक साथ चार शव गांव पहुंचे, पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के घर पहुंचे शवों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।बताया गया कि घटना से एक दिन पहले ही मृतक अशोक काम पर गए थे। अशोक के परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे हैं। पिता की मौत के बाद इन मासूम बच्चों की दुनिया ही मानो उजड़ गई है। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य मृतकों के परिवारों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किसी मासूम ने अपना पिता खो दिया तो किसी परिवार ने अपना सहारा। चार परिवारों की खुशियां एक झटके में मातम में बदल गईं। शव गांव पहुंचने की सूचना पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड ने परिवार को सांत्वना दी और दुःख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद व मुआवजे का भरोसा दिया। शवों के गांव पहुचने से पूर्व पुलिस के साथ अन्य अधिकारी भी गांव में मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाये हुए थे। एक साथ चार शव पहुंचने के बाद बड़गावां गांव में मानो शोक की लहर दौड़ गई है।
दोषियों पर एफआईआर
इस दर्दनाक हादसे में मधुसूदन सिंह पुत्र अज्ञात, मनोज यादव पुत्र अज्ञात, शिव कुमार पटेल उर्फ पिंटू,विनोद पटेल,आनन्द पटेल व अन्य अज्ञात लोगों को जिम्मेदार मानते हुए भारतीय दण्ड संहिता की धारा 105 के तहत मुकदमा अहरौरा थाने में दर्ज किया गया है।
