लाहौरी जीरा की पेटियों के पीछे तस्करी की 65 लाख की शराब बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार।

ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी

सोनभद्र में ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में ले जाई जा रही 65 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। शराब, ट्रक, कोल्ड ड्रिंक और अन्य सामान समेत कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व के मद्देनजर 14/15 अक्टूबर की रात रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी तथा हिन्दुआरी, चुर्क और लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की ओर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक की तलाशी ली गई। ट्रक में सवार नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत से पूछताछ के दौरान दस्तावेजों और उनके बयानों में विसंगतियां मिलने पर जांच की गई।

तलाशी में लाहौरी जीरा की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बोतलों पर ‘Only for Punjab Sale’ अंकित था। पुलिस के अनुसार, शराब हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से झारखंड की राजधानी रांची ले जाई जा रही थी। शराब के परिवहन और बिक्री के वैध दस्तावेज आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने 1,275 यूनिट लाहौरी जीरा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और परिवहन संबंधी दस्तावेज भी कब्जे में लिए। दोनों आरोपियों को 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद रॉबर्ट्सगंज थाने में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब शराब की आपूर्ति के स्रोत, वाहन स्वामी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।

आगे पढ़ें