मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर वामदलों का धरना।

सोनभद्र। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त वामदल के बैनर तले स्वर्ण जयंती चौक स्थित पार्क में धरना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। धरने के बाद शाम चार बजे राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी (सदर) को सौंपा गया।

वामदलों के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी कार्यप्रणाली निष्पक्ष और लोकतांत्रिक नहीं है। नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं के मताधिकार प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता एवं निष्पक्षता बहाल करने की मांग उठाई।

ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, एसआईआर प्रक्रिया में मताधिकार से वंचित मतदाताओं का अधिकार बहाल करने तथा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की मांग की गई। वामदलों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रस्तावित चयन समिति की तर्ज पर प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करते हुए नई व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी।

इसके अलावा प्रमुख सचिव और मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से स्वर्ण जयंती चौक पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा कचहरी स्थित चौराहे पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई।

धरने को माकपा जिला मंत्री नंदलाल आर्य, भाकपा जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा, माले राज्य सचिव सुधाकर यादव, चंदन प्रसाद पासवान और प्रेमनाथ सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। अध्यक्षता पकड़ूं सिंह कुशवाहा ने तथा संचालन ईश्वर दयाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वामदलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आगे पढ़ें