फर्जी नंबर प्लेट लगाकर एसयूवी वाहन में एक करोड़ से ज्यादा कीमत का 2 .850 क्विंटल गांजा बरामद दो गिरफ्तार।

सोनभद्र। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन शुद्धि लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नशे के सौदागरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में पिपरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 क्विंटल 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल महिन्द्रा XUV वाहन, दो मोबाइल फोन और अलग-अलग नंबर प्लेट भी पुलिस ने बरामद की हैं। पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पूरा मामला पिपरी थाना क्षेत्र का है जहां मुर्धवा-रनटोला मार्ग पर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुर्धवा से करीब दो किलोमीटर आगे एक महिन्द्रा XUV पुलिस टीम को देखकर अचानक पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगी। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो पिछली सीट के नीचे और डिग्गी में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 195 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में कुल 2 क्विंटल 850 ग्राम गांजा मिला। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उमेश अहिरवार और महिपाल पाल महोबा जनपद के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें ओडिशा से गांजा लाकर महोबा पहुंचाने के लिए कहा गया था और इसके बदले उन्हें 20-20 हजार रुपये प्रति चक्कर देने की बात कही गई थी। आरोपियों के अनुसार इससे पहले भी वह एक-दो बार गांजा पहुंचा चुके हैं।
तस्करी में इस्तेमाल वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस के अनुसार चेकिंग से बचने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने वाहन से दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में पिपरी थाने पर एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े दूसरे लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस अभियान में इससे पहले भी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में गांजा, डोडा, शराब और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी हो चुकी है। लगातार हो रही करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों की बरामदगी से साफ है कि पुलिस की कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर लगातार दबाव बना रही है।
अब पिपरी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पुलिस की नजर उन लोगों तक पहुंचने पर है, जो ओडिशा से मादक पदार्थ मंगाकर दूसरे राज्यों तक पहुंचाने के नेटवर्क में शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

आगे पढ़ें