सर्राफा लूट में दूसरी मुठभेड़ 62 लाख के आभूषण बरामद,गोली से एक लुटेरा घायल,पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम।

सोनभद्र पुलिस ने सर्राफा व्यवसायी से हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। बभनी पुलिस, एसओजी, म्योरपुर और दुद्धी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। इस लूटकांड में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें दो बदमाश अलग-अलग समय पर पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े गए, जबकि एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने लूटे गए करीब 62 लाख 22 हजार 500 रुपये मूल्य के आभूषण और अन्य सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। घटना 18 जुलाई को हुई थी जिसमें बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल के पास छत्तीसगढ़ से लौट रहे सर्राफा व्यवसायी कुलधीर कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने रोककर चाकू से हमला किया था और सोने-चांदी के आभूषणों व नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एसओजी, बभनी, म्योरपुर और दुद्धी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पहले दो आरोपियों को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया गया और विवेचना में दो अन्य बदमाशों के नाम सामने आने पर दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस लूट की घटना के खुलासे के क्रम में सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर अरझट पुलिया के पास पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पंकज साकेत पैर में गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूट का बैग, करीब 62 लाख 22 हजार 500 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि लूटे गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।

बोले अशिकारी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि इस लूटकांड में अब तक तीन बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें दो आरोपी अलग-अलग समय पर पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़े गए, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। वहीं चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ लूट, गैंगस्टर सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे लूटकांड का सफल अनावरण करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।

आगे पढ़ें