सोनभद्र में मेड़ विवाद के बाद शुरू हुआ बवाल अस्पताल तक पहुंच गया। इलाज के लिए भर्ती घायल पर अस्पताल के भीतर दोबारा हमला किए जाने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे सीएचसी अधीक्षक और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। अस्पताल में हुई इस दबंगई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के भटौलिया गांव में खेत की मेड़ बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घायल पक्ष को पीआरबी पुलिस इलाज के लिए मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। आरोप है कि पुलिस के वहां से जाने के कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के करीब 20 लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गए और इलाज करा रहे घायल पर दोबारा हमला कर दिया।
जब डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश के हाथ में चोट आई, जबकि अस्पताल के महत्वपूर्ण रजिस्टर भी फाड़ दिए गए। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल परिसर में हंगामा और मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज थाना पुलिस और सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
