मिलेंगी उच्च श्रेणी की सुविधाएं
हॉकी,वॉली वाल, तीरंदाजी के लिये बनेंगे कोर्ट।


सोनभद्र के तियरा स्थित विशिष्ट स्टेडियम का अब शीघ्र होगा कायाकल्प। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी द्वारा भेजा गया 6.70 करोड़ रुपये का प्रस्ताव निदेशालय ने स्वीकार करके धनराशि निर्गत कर दी है । इस धनराशि से स्टेडियम में हॉकी के लिये एस्ट्रोटर्फ का निर्माण, दर्शक दीर्घा, बाउंड्रीवाल पर कंटीले तार, जल निकासी, खिलाड़ियों के लिये फर्नीचर, जल निकासी जैसे कार्य कराए जाने हैं। जनपद के एकमात्र इस विशिष्ट स्टेडियम में कायाकल्प से अब यहां के छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं में इजाफा होने की उम्मीद बढ़ गयी है। अब तक इस स्टेडियम से तीरंदाजी के प्रशिक्षु स्टेट और नैशनल लेवल पर पदक हासिल करके जनपद के नाम रोशन करते रहे हैं। जनपद के विशिष्ट स्टेडियम के कायाकल्प के मद्देनजर आज जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने यहां का दौरा किया और समूचे परिसर का गहन निरीक्षण किया। अपने निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में मौजूद सभी सुविधाओं को सूक्ष्मता से देखा और जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं को लेकर जिला क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिए और प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षुओं से भी मुलाकात की। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी के साथ स्टेडियम का कायाकल्प करने वाली कार्यदायी संस्था के इंजीनियर भी मौजूद रहे।
