

सर्पदंश के दो हुए शिकार, इलाज जारी
दुद्धी।स्थानीय तहसील क्षेत्र में बुधवार को सर्पदंश के दो मामले सामने आए। दोनों पीड़ितों को परिजनों ने निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। कुड़वा, थाना कोन निवासी 9 वर्षीय काजल पुत्र हीरा यादव सुबह करीब नौ बजे घर के पास हैंड पंप से पानी लेने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में घास में छिपे अज्ञात विषैले सर्प ने उसे डस लिया।
वहीं दूसरी तरफ महुली निवासी 45 वर्षीय रीता देवी पत्नी जितेंद्र विश्वकर्मा सुबह करीब छह बजे खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात सर्प ने उनके बाएं पैर में डस लिया। दोनों का सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी है।
