
सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एक युवक को 9.15 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.83 लाख रुपये है। आरोपी के कब्जे से 1,700 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। अपराध निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज दिन्नू प्रसाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोरारी पोखरा के पास पश्चिमी भीटा से आकाश सिंह मौर्या (25) पुत्र गोपाल सिंह मौर्या, निवासी ग्राम कम्हारी, वार्ड नंबर 24, थाना रॉबर्ट्सगंज, को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 9.15 ग्राम हेरोइन और 1,700 रुपये नकद बरामद किए। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 823/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल हेमंत बारी, हेड कांस्टेबल विष्णु शंकर उपाध्याय और कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार शामिल रहे।
