एनटीपीसी आवास में लाखों की चोरी,बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत जेवरात पर हाथ साफ।
सोनभद्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी आवास में अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।पीड़ित ने बीजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला बीजपुर थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी आवास का है।पीड़ित मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनके बड़े भाई पंकज सिंह वन विभाग में रेंजर के पद पर बागडूमरा रेंज में तैनात हैं और वह एनटीपीसी आवास में रहते हैं।12 जुलाई की रात करीब 8:45 बजे जब वह ड्यूटी पर चले गए,उस दौरान मकान बंद था।अगली सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला,लेकिन खिड़की के नीचे बने वेंटिलेशन को तोड़कर अज्ञात चोर घर में दाखिल हो चुके थे।चोर घर में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद,चांदी के पांच सिक्के,तीन जोड़ी चांदी की पायल,दो सोने की अंगूठियां,अन्य कीमती जेवरात,करीब 20 साड़ियां,पांच कोट-पैंट और पीतल के बर्तन लेकर फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित ने बीजपुर थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।पुलिस तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
