



अपर जिलाधिकारी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, हस्ताक्षर अभियान के साथ दिलाई गई बाल विवाह निषेध की शपथ।
बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करना आवश्यक –अपर जिलाधिकारी
सोनभद्र। जनपद में बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन के उद्देश्य से आज बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नीति आयोग की सहयोगी संस्था एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) के सहयोगी संगठन के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा उपस्थित लोगों को बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करना, बालिकाओं की शिक्षा एवं अधिकारों की रक्षा करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर आमजन से अपील की गई कि बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, प्रभारी प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्रोबेशन अधिकारी/केस वर्कर इंद्रावती सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
