

सोनभद्र। रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ रॉबर्ट्सगंज में किया पैदल गश्त करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बाजार, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर पुलिस बल की सक्रियता एवं सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया। इस दौरान आमजन एवं व्यापारियों से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण का भरोसा दिलाया गया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने, प्रभावी गश्त करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि पर्व के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहेगा तथा असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
