

Story headline
ओबरा। त्योहारों पर शांति एवम सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखने के मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद पुलिस अधीक्षक ने सड़क पर पैदल मार्च करते हुए तैयारियो का जायजा लिया। जिले में बारावफात पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा नगर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय व थानाध्यक्ष के साथ ओबरा नगर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ रात में पैदल गश्त किया। पैदल गश्त के दौरान बाजार, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों एवं बारावफात जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान आमजन, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर शांति एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने एवं अफवाहों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी ओबरा क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष को दिया।
