
किश्त बकाया होने का भय दिखाकर चालक से मारपीट का आरोप, ट्रेलर व दो बाइक बरामद
सोनभद्र । फाइनेंस कंपनी के नाम पर किश्त बकाया होने का भय दिखाकर हाईवे पर ट्रेलर रोकना और चालक से मारपीट कर जबरन वाहन कब्जे में लेने के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित ट्रेलर और दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों पर चालक का गला दबाने का प्रयास करने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, श्रीराम फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करने की बात कहते हुए आरोपियों ने किश्त बकाया होने का हवाला देकर ट्रेलर को हाईवे पर रोक लिया था। चालक को जबरन वाहन से उतारकर ट्रेलर कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और केबिन की खिड़की से गला दबाने का प्रयास किया गया। इसके बाद ट्रेलर को हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में वाहन खराब होने पर उसे डीआर ड्रीम होटल के सामने छोड़ दिया गया।
मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 822/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को पांच अक्तूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों हिन्दुआरी पुलिया के पहले बाबा ढाबा के पास बाइक के साथ खड़े हैं।
सूचना पर चौकी प्रभारी हिन्दुआरी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे तीनों आरोपियों को करीब 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु सिंह (31), सूरज पाण्डेय (28) और संतोष सिंह (32) के रूप में हुई।
पुलिस ने एक पल्सर और बिना नंबर की दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिन्हें एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
