

विरेन्द्र कुमार
विंढमगंज। रेनुकूट वन प्रभाग के तत्वाधान में आज वन रेंज के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जामपानी सेक्शन में वन्य प्राणी सप्ताह का सार्थक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन रेंजर रत्नेश कुमार के नेतृत्व में वन दरोगा व कर्मचारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को वन्यजीवों का हमारे जीवन में महत्व, मानव जीवन पर उनके प्रभाव तथा प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके बिना मानव जीवन की कल्पना अधूरी है। जंगल और जानवर एक-दूसरे के पूरक हैं। इसलिए वन्यजीवों का संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दौरान बच्चों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई तथा पेड़-पौधों और जानवरों से प्रेम करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
