
ओबरा । विधान दिवस की पूर्व संध्या पर शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक किया गया। विधिक साक्षरता क्लब के नोडल प्रवक्ता प्रमोद चौबे ने छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया और उसके आदर्शों के पालन की शपथ दिलाई।
उन्होंने संविधान में उल्लिखित मौलिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। इसके आदर्शों का पालन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मुकुंद सिंह गौर ने की। शिक्षक विजय भान ने आभार जताया। इस मौके पर पराविधिक स्वयंसेवक कमाल अहमद सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
फिर होगा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में गुरुवार को सुबह नौ बजे विद्यार्थियों से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया जाएगा। इससे पहले सुबह 8:30 बजे से मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
