

‘
ओबरा ।संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के तहत भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कराया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने संविधान के आदर्शों पर चलने तथा उसके मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के विधिक साक्षरता क्लब के नोडल प्रवक्ता प्रमोद चौबे ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया। उन्होंने प्रस्तावना में निहित संप्रभुता, समाजवाद, पंथनिरपेक्षता, लोकतंत्र, गणराज्य, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों के महत्व को समझाते हुए कहा कि संविधान केवल नागरिकों को अधिकार ही प्रदान नहीं करता, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उनके दायित्वों का भी बोध कराता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसके आदर्शों का व्यवहार में पालन ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मुकुंद सिंह गौर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की गरिमा बनाए रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। शिक्षक विजय भान ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पराविधिक स्वयंसेवक कमाल अहमद सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
