रिहंद के 2 ओबरा के 3 फाटकों से 35000 क्यूसेक पानी छोड़ने से सोन के तटवर्ती गांवों में हाई एलर्ट।

कुलदीप विश्वकर्मा की रिपोर्ट

ओबरा। पिपरी स्थित रिहंद बांध का जलस्तर 872 फीट पार करने के बाद मंगलवार को बांध के दो फाटक खोल दिए गए हैं। दोनों फाटकों को 16-16 फीट खोलकर करीब 20,800 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए अगले एक-दो घंटे में तीसरा फाटक भी खोले जाने की संभावना है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार बांध के सात नंबर समेत दो फाटकों से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे पहले बांध की सभी छह टरबाइनों को लगातार चलाया जा रहा है, जिनसे करीब 17,900 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हो रहा है। टरबाइनों के संचालन के साथ विद्युत उत्पादन भी जारी है।
जल विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता शशिकांत राय ने बताया कि सभी छह टरबाइनों को चलाकर विद्युत उत्पादन किया जा रहा है। वहीं बांध के दो फाटक खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। जलस्तर और आवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार तीसरा फाटक भी खोला जाएगा। गौरतलब है कि अगस्त माह में हुई अच्छी बारिश के कारण रिहंद बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा और वह अपने अधिकतम निर्धारित जलस्तर 870 फीट को पार कर गया। फाटक खुलने के बाद आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बांध पहुंचकर पानी की निकासी का नजारा देखने लगे। वहीं ओबरा बांध के तटवर्ती क्षेत्रों की निगरानी में प्रशासन जुट गया है। ओबरा बांध का जल स्तर 192.87 पार स्थिर है। ओबरा बांध में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए ओबरा बांध के गेट नंबर आठ पांच दिन सेे तीन फिट खोलकर लगभग 3600 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है।वही जल विद्युत की तीनो टरबाइनों से लगभग 10803 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। ओबरा बांध से कुल लगभग 14403क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है।वही दूसरी ओर ओबरा बांध के और गेट खुलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए एसडीएम ओबरा रवि कुमार पासवान, ओबरा क्षेत्राधिकारी प्रभात राय एवं ओबरा थाना प्रभारी सदानंद राय लगातार पुलिस बल के साथ रेणुका नदी के तटवर्ती गांवो जैसे गुरुड़, चकाड़ी, खैरटिया, वर्दियां, सिंदुरिया, महलपुर, गोठानी आदि तटवर्ती क्षेत्रों में भ्रमण कर ध्वनि विस्तारक यंत्र से ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने तथा रेणुका नदी के जल प्रवाह से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

आगे पढ़ें