डिवाइडर पार कर ट्रक से भिड़ा राखड़ लदा ट्रेलर, दोनों वाहनों में लगी आग,दो की मौत लगा लम्बा जाम।

मुकेश मोदनवाल की रिपोर्ट

सोनभद्र। रफ्तार के कहर ने एक बार फिर दो जिंदगियां छीन लीं। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लोहरा सबस्टेशन के समीप राखड़ लदे तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक चालक ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। घटना की पुष्टि सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने की है।

जानकारी के मुताबिक, राखड़ लदा ट्रेलर अनपरा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान लोहरा सबस्टेशन के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान एक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाने में सफल रहा।

आग की लपटों से दहला इलाका, मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। वाहनों को आग की लपटों में घिरा देख आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

दो की मौत की पुष्टि, दूसरे मृतक की पहचान का इंतजार

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में एक वाहन चालक बताया जा रहा है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान और अन्य विवरण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस की ओर से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहनों से नियंत्रण खोने के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हुए इस हादसे से इलाके में दहशत का माहौल रहा।

आगे पढ़ें