
शीतला मंदिर के पास अधूरी सड़क और वार्ड-4 की जर्जर सड़कों से राहगीरों व स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी
सोनभद्र। आधी-अधूरी बनी सड़कों और जर्जर मार्गों की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के जिला सचिव ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शीतला मंदिर के पास अधूरी सड़क, वार्ड संख्या-4 की खराब सड़कों सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द से जल्द निर्माण और मरम्मत कार्य कराने की मांग की गई। जिलासचिव प्रमोद यादव ने कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र की जनता के साथ-साथ बच्चों ने भी सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से शीतला मंदिर के पास करीब एक किलोमीटर सड़क का हिस्सा अधूरा छोड़े जाने का मुद्दा उठाया। इसके कारण राहगीरों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी काफी दिक्कत हो रही है। जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों पर बच्चों के गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। प्रमोद यादव ने प्रशासन से मांग की कि अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और क्षतिग्रस्त एवं जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।
